BREAKING

10/recent/ticker-posts

औरैया: स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 45 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन



औरैया। प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत देते हुए नई व्यवस्था लागू की है, जिसका असर जनपद औरैया के उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा। अब जिन उपभोक्ताओं के यहां हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनका बिजली कनेक्शन 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक नहीं काटा जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत जीरो बैलेंस होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं को अधिकतम तीन दिन या 200 रुपये तक (दो किलोवाट भार तक) बिजली आपूर्ति जारी रहेगी, जिससे अचानक बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने लखनऊ में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। इसका सीधा असर औरैया में चल रहे स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन कार्यों पर भी पड़ेगा।
उपभोक्ताओं को समय रहते सतर्क करने के लिए पांच-स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा। इसमें बैलेंस 30 प्रतिशत और 10 प्रतिशत होने पर, बैलेंस समाप्त होने पर, डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले और डिस्कनेक्शन के बाद संदेश भेजे जाएंगे।
इसके अलावा, रविवार और अन्य अवकाश के दिन किसी भी हालत में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत मिलेगी।
गर्मी के मौसम को देखते हुए औरैया में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को ट्रांसफार्मर बदलने में देरी न करने, ढीले तार व स्पार्किंग की समस्याओं को तुरंत ठीक करने और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
साथ ही जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले ही कट चुके हैं, उनसे फोन के माध्यम से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी स्तरों पर जवाबदेही तय की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

close