अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के वंशी–गुनौली मार्ग पर बुधवार शाम करीब 7:40 बजे सती मंदिर पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी नरेंद्र कुमार व चालक सुरेंद्र कुमार ने सभी घायलों को तत्काल सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक अरविंद कुमार अग्रवाल, सिपाही पवन कुमार व विनोद ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
घायलों की पहचान मेहना गांव निवासी रितिक रोशन पुत्र सुनील, सोहीन पुत्र बालवीर सिंह और अंशु पुत्र पन्ना लाल के रूप में हुई है, जो एक ही बाइक पर सवार थे। वहीं दूसरी बाइक पर सौरभ पुत्र सुखवीर सिंह, अमित पुत्र राणा साहब और धर्मवीर पुत्र बाबूराम सवार थे।
बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार तीनों युवक वंशी गांव की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। सीएचसी अछल्दा में डॉक्टर विनोद व डॉक्टर राजेश की टीम ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते तीन घायलों को हायर सेंटर (चिचौली) रेफर कर दिया गया।
0 Comments