बिधूना (औरैया)। थाना बिधूना क्षेत्र के मोहल्ला सूरजपुर में हुई 65 वर्षीय महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी टीटू उर्फ आशीष द्विवेदी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा मृतका के कुंडल और पायल बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक औरैया ने प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था। इसी दौरान मृतका ने उसकी मां के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी और उसे थप्पड़ भी मार दिया। इस बात से वह बेहद नाराज हो गया।
आरोपी के अनुसार, गुस्से में आकर उसने चाकू से महिला पर ताबड़तोड़ 5 से 6 वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घटना को लूट का रूप देने की कोशिश की और मृतका के कानों के कुंडल तथा पैरों की पायल उतारकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, कुंडल और पायल भी बरामद कर लिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने खुलासे में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने महज 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का सफल अनावरण कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है।
0 Comments