बिधूना, औरैया। तहसील बार एसोसिएशन बिधूना के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन तिवारी एडवोकेट एवं महामंत्री अतुल तिवारी का अधिवक्ताओं द्वारा उनके चेंबर में माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवीन तिवारी ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए अधिवक्ताओं, एल्डर्स कमेटी एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह राग-द्वेष की भावना से ऊपर उठकर अधिवक्ताओं के हित में सदैव कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वादकारियों को समय से न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अन्य समस्याओं के समाधान हेतु उच्च अधिकारियों से वार्ता कर प्रभावी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिवक्ताओं से बार एसोसिएशन द्वारा संचालित रचनात्मक कार्यों में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल आक्रोश, बृजेश दीक्षित, पूर्व अध्यक्ष रामकिशोर शुक्ला, अतुल कुमार सिंह, रामपाल सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
0 Comments