BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : अछल्दा में कोरोना काल से बंद ट्रेनों के ठहराव की बहाली की मांग, अखिलेश यादव को सौंपा ज्ञापन





अछल्दा (औरैया)। अछल्दा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल से बंद प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर एकलव्य वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
सोसायटी के सदस्य रोहित कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर अखिलेश यादव से भेंट कर अछल्दा रेलवे स्टेशन पर पहले से रुकने वाली ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के बाद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बंद होने से क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में 15483/15484 महानंदा एक्सप्रेस, 12419/12420 गोमती एक्सप्रेस, 15743/15733 एवं 15744/15734 फरक्का एक्सप्रेस तथा 64703/64704 गोविंदपुरी–अलीगढ़ फास्ट मेमू का अछल्दा स्टेशन पर ठहराव पुनः बहाल करने की मांग की गई है।
सोसायटी के सदस्यों ने कहा कि अछल्दा एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ और बिहार की ओर यात्रा करते हैं। ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को इटावा या फफूंद स्टेशन जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित को देखते हुए रेलवे प्रशासन अछल्दा स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव जल्द बहाल करेगा।
इस दौरान रोहित कुमार, फिरोज खान (हैट्रिक सभासद), सिद्धार्थ मिश्रा, वैभव दीक्षित और प्रशांत दुबे मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

close