दिसंबर 2027 तक पूरा होने की उम्मीद, बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
अछल्दा | संवाददाता
अछल्दा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए जल्द ही नया फुट ओवरब्रिज (एफओबी) बनाया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 4 करोड़ 92 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और विभागीय टीम द्वारा निर्माण स्थल का सर्वे भी किया जा चुका है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे दिसंबर 2027 तक यात्रियों के लिए चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि नया फुट ओवरब्रिज पूरी तरह रैम्पदार होगा। इसमें पारंपरिक सीढ़ियों के बजाय रैम्प बनाए जाएंगे, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं तथा भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, पुल की चौड़ाई 3.5 मीटर होगी और रैम्प की चौड़ाई भी लगभग 3.5 मीटर रखी जाएगी। यह नया एफओबी प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 से शुरू होकर प्लेटफॉर्म 1 और 2 के ऊपर से गुजरते हुए पूर्व दिशा में स्थित आरपीएफ चौकी की ओर स्टेशन रोड से जुड़ेगा। रैम्प की कुल लंबाई 40 से 60 मीटर के बीच होगी।
गौरतलब है कि अछल्दा रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में मौजूद सीढ़ीदार फुट ओवरब्रिज लगभग 72 वर्ष पुराना है। करीब डेढ़ वर्ष पहले पुल की एक पटिया टूटकर गिर गई थी, जिसके बाद रेलवे विभाग ने मरम्मत कर 45 नई पटिया लगाई थीं। अब पुराने पुल के स्थान पर आधुनिक और सुरक्षित रैम्पयुक्त एफओबी बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
0 Comments