-अछल्दा में यूटा की बैठक, प्रदेश पदाधिकारियों ने दिया शीघ्र निराकरण का आश्वासन
अछल्दा, औरैया। शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) की बैठक सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र अछल्दा में हुई। बैठक में शिक्षकों ने चयन वेतनमान, अवशेष बोनस, एरियर, समायोजन सहित विभिन्न समस्याओं को संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष रखा। प्रदेश पदाधिकारियों ने समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
यूटा के प्रदेश महामंत्री ओमजी पोरवाल ने कहा कि संगठन पूर्व से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करता रहा है और आगे भी शिक्षकों के हितों के लिए आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने शिक्षकों से अपनी समस्याएं ब्लॉक पदाधिकारियों के माध्यम से संगठन तक पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज राजपूत ने कहा कि पूरे प्रदेश में यूटा की ओर से शिक्षक समस्या समाधान अभियान चलाया जा रहा है। जिले में भी अभियान चलाकर संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समस्याओं के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संगठन प्रभावी ढंग से पैरवी करेगा।
बैठक में शिक्षकों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। इस दौरान विनय वर्मा, धर्मेंद्र अंबेडकर, नेत्रपाल सेंगर और प्रवीण त्रिपाठी सहित शिक्षक व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments