BREAKING

10/recent/ticker-posts

औरैया में मौरंग धुलाई के गड्ढे में डूबे दो मासूम, मौत



क्रासर: नहाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, करीब एक घंटे बाद मिली जानकारी, पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

ऐरवा कटरा/देईपुर। मंगलवार दोपहर गांव देईपुर में मौरंग लदे ट्रकों की धुलाई के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

गांव निवासी अनिल कुमार का आठ वर्षीय पुत्र कृष्णा और राजीव कुमार का नौ वर्षीय पुत्र आर्यन मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे साथियों के साथ गांव के दक्षिण छिबरामऊ रोड स्थित राजू यादव पुत्र बालेश्वर दयाल के खेत में पहुंचे थे। खेत में मौरंग लदे ट्रकों की धुलाई के लिए करीब पांच फीट गहरा और लगभग एक बीघा क्षेत्रफल में गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरा था। नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

करीब एक घंटे बाद परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की। गड्ढे के पास कपड़े मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी में उतरकर तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया।

सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची और दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा और एसडीएम कमल कुमार राजस्व टीम व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन पहले पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे। अधिकारियों के समझाने पर सहमति बनने के बाद पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे से गांव में मातम पसरा है।

Post a Comment

0 Comments

close