क्रासर:
- हालत बिगड़ने पर बिधूना सीएचसी से चिचोली और फिर सैफई किया गया रेफर
- अजीतमल सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
- पत्नी से विवाद और मायके से वापस न आने से परेशान था युवक
समाचार:
बिधूना, औरैया। पत्नी के मायके से वापस न आने और आपसी विवाद के चलते परेशान एक युवक ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे उपचार के लिए बिधूना सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां से जिला अस्पताल चिचोली और फिर सैफई रेफर किया गया। सैफई ले जाते समय रास्ते में हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे अजीतमल सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली बिधूना क्षेत्र के भदसया गांव निवासी ओमप्रकाश (27) पुत्र सूरजपाल बुधवार शाम करीब सात बजे अपने कमरे में था। उसकी मां माया देवी खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचीं तो वह उल्टियां कर रहा था। हालत गंभीर देखकर स्वजन उसे बिधूना सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चिचोली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से हालत नाजुक होने पर सैफई भेजा गया।
स्वजनों के अनुसार ओमप्रकाश का पत्नी अभिलाषा से विवाद चल रहा था। पत्नी नौली ककोर स्थित मायके से वापस नहीं आ रही थी, जिससे वह परेशान रहता था। दंपती के तीन बच्चे हैं। मृतक वाहन चालक था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पत्नी और मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दी गई। मौत से मां माया देवी समेत स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फोटो कैप्शन:
भदसया गांव में युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते स्वजन।
0 Comments