BREAKING

10/recent/ticker-posts

Auraiya : फफूंद में एटीएम से छेड़छाड़ कर रुपये चोरी करने वाला अंतरजनपदीय शातिर गिरफ्तार



एटीएम में धातु की पत्ती लगाकर ग्राहकों के रुपये फंसाता था, 27 हजार नकद व चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद

फफूंद, औरैया। थाना फफूंद पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर रुपये चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 27 हजार रुपये नकद, सात एटीएम कार्ड और एटीएम से रुपये चोरी करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार मोहल्ला चमनगंज निवासी सिराजुद्दीन द्वारा संचालित इंडिया वन एटीएम में 21 सितंबर को एक युवक ने पहले 500 रुपये निकाले। इसके बाद उसने एटीएम के कैश डिस्पेंस स्लॉट में धातु की पत्ती लगा दी। इससे ग्राहकों द्वारा निकाले गए करीब पांच हजार रुपये पत्ती में फंस गए, जिन्हें ग्राहकों के चले जाने के बाद आरोपी निकाल लेता था। पत्ती लगाने से एटीएम मशीन को भी नुकसान पहुंचा था। मामले में फफूंद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बझुआ बंबा से करीब 100 मीटर आगे भागनगर की ओर चेकिंग के दौरान सुबह 11:20 बजे आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान आकाश कुशवाहा पुत्र बालकृष्ण कुशवाहा निवासी इंद्रानगर बैरी सवाई, थाना शिवली, कानपुर देहात के रूप में हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोटरसाइकिल से अलग-अलग स्थानों पर जाकर एटीएम की रेकी करता था। इसके बाद कैश निकलने वाले स्लॉट में धातु की पत्ती लगाकर ग्राहकों के रुपये उसमें फंसा देता था और उनके चले जाने के बाद रुपये निकाल लेता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी करीब एक वर्ष से इस तरीके से इटावा, उन्नाव समेत आसपास के क्षेत्रों में वारदात कर रहा था और इसी उद्देश्य से फफूंद आया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 हजार रुपये, सात एटीएम कार्ड, कैश ट्रैपिंग की धातु की पत्ती, कैंची, स्क्रू ड्राइवर, प्लास, इंचीटेप, धातु की पत्तियां, हुकनुमा रॉड, धातु काटने की पत्ती, मार्कर, फेवीक्विक समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी एसओजी/सर्विलांस समित चौधरी मय टीम, फफूंद थानाध्यक्ष अजय कुमार मय हमराह तथा उपनिरीक्षक प्रेम कुमार शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments

close