औरैया। थाना बेला क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा, खोखा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में थाना बेला, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामला थाना बेला में दर्ज मु0अ0सं0 09/26 धारा 103(1)/333 बीएनएस से संबंधित है।
घटना का विवरण
मंडी रोड थाना बेला निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 जनवरी 2026 को वह और उसका बड़ा भाई अरविन्द कुमार एक महिला के दाह संस्कार से लौटे थे। अशोक घर आ गया जबकि अरविन्द परसे पुरवा में आयोजित नौविहार कार्यक्रम में रुक गया। देर रात करीब 11 बजे अरविन्द घर पहुंचा, जहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और टीमें गठित की गईं।
ऐसे हुआ खुलासा
22 जनवरी को तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भदौरा मोड़ से योगेन्द्र शाक्य उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और खोखा बरामद किया गया। इसके बाद 23 जनवरी की सुबह मंडी रोड से मृतक की पत्नी प्रिया को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में योगेन्द्र शाक्य ने बताया कि उसकी तिर्वा-बेला रोड पर बैग बनाने की दुकान है। करीब एक वर्ष पहले प्रिया उसकी दुकान पर आई थी, जिसके बाद दोनों में प्रेम संबंध हो गए। प्रिया अपने पति अरविन्द के विरोध से परेशान थी। दोनों ने मिलकर अरविन्द को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
17 जनवरी की रात प्रिया ने योगेन्द्र को घर बुलाकर कमरे में छिपा दिया। जब नशे में अरविन्द घर आया और सो गया, तभी योगेन्द्र ने अवैध तमंचे से उसे गोली मार दी और फरार हो गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 Comments