औरैया। जिले के चर्चित डॉ. सौरभ बाजपेई आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल संचालक एसपी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के करीब 24 घंटे बाद एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने यमुना नदी में लगातार चले सर्च ऑपरेशन के बाद डॉ. सौरभ का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अस्पताल संचालक एसपी सिंह और उनके एक रिश्तेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी एसपी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम डॉ. सौरभ बाजपेई औरैया जनपद की सीमा पर स्थित यमुना पुल पहुंचे और नदी में छलांग लगा दी। घटना से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर एनडीआरएफ को बुलाया गया। गुरुवार को कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नदी से उनका शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि घटना से पहले दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में अस्पताल संचालक के बहनोई द्वारा डॉ. सौरभ को थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया था, लेकिन बाद में डॉक्टर ने यमुना नदी में छलांग लगा दी।
0 Comments