औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रहा तीन वर्षीय मासूम खुले नाले में गिर गया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। बच्चा गुरुवार शाम से लापता था। परिजन और मोहल्ले के लोग पूरी रात उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों को नाले की सफाई के दौरान उसका शव मिला।
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर निवासी राहुल हलवाई का तीन वर्षीय बेटा रोशन गुरुवार शाम करीब आठ बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर परिवार और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नियमित सफाई के लिए नाले पर पहुंचे। सफाई के दौरान उन्हें नाले में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तत्काल बच्चे को बाहर निकालकर 50 शैया संयुक्त अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
खुले नाले को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा
मासूम रोशन की मौत की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनके सामने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
लोगों का कहना था कि यदि नाले को समय रहते स्लैब से ढक दिया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने खुले नालों को गंभीर खतरा बताते हुए जल्द से जल्द उन्हें ढकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
रातभर तलाश, सुबह मिली दर्दनाक सच्चाई
जिस बच्चे की तलाश में परिवार और मोहल्ले के लोग पूरी रात भटकते रहे, वही मासूम शुक्रवार सुबह उसी खुले नाले से मृत अवस्था में मिला। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खुले नालों को तत्काल ढकवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
0 Comments