औरैया। जनपद के नेशनल हाईवे-19 पर चलती बाइक पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करते हुए रील बनाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक तेज रफ्तार बाइक पर खड़ा होकर अन्य वाहनों के बीच हाईवे पर दौड़ता नजर आ रहा है। इस स्टंट को लेकर लोगों ने चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो सदर कोतवाली क्षेत्र के भाऊपुर के पास नेशनल हाईवे-19 का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बाइक सवार युवक की पहचान शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक का पंजीकरण नंबर कानपुर देहात का बताया जा रहा है।
एआरटीओ एन.सी. शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की पहचान और वीडियो की पुष्टि होने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन एवं सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज की होड़ में खतरनाक स्टंट कर रील बनाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे स्टंट न केवल स्टंट करने वाले की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और इस तरह के जोखिम भरे स्टंट से बचने की अपील की है।
0 Comments