औरैया | संवाददाता
जनपद औरैया में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यातायात मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त अत्याधुनिक तकनीक से लैस दो इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय ककोर परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों में स्पीड गन, हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरा, सायरन सहित अन्य आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इन्हें जनपद के प्रमुख मार्गों पर तैनात किया जाएगा, जहां ये निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की निगरानी करेंगी।
पुलिस के अनुसार, इंटरसेप्टर बाइक की मदद से तेज गति से चलने वाले वाहनों को तत्काल रोककर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।
0 Comments