औरैया। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस टीम द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के सभी थानों पर गठित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का उद्देश्य साइबर अपराधों की रोकथाम को प्रभावी बनाना तथा पीड़ितों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सहायता उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा पीड़ितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने, डिजिटल सुरक्षा संबंधी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जनजागरूकता और त्वरित पुलिस कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
0 Comments