होटल, ढाबों, बस स्टैंड व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्धों की जांच
संवाददाता | औरैया
आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए औरैया पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक औरैया ने कोतवाली औरैया पुलिस के साथ क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान होटल, ढाबों, बस स्टैंड तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
चेकिंग के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से पूछताछ भी की गई। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को रोकने के लिए जनपद में लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
0 Comments