अछल्दा, औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग स्थित अछल्दा रेलवे स्टेशन का उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के समय डीआरएम ने स्टेशन पर लगे वाटर कूलर एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा स्टेशन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अछल्दा के पूर्व चेयरमैन राजेश पोरवाल एवं वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार दुबे ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपकर अछल्दा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी रेल यात्रा पर निर्भर है, ऐसे में महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
डीआरएम ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
0 Comments